अल्मोड़ा में अधिकारियों की बैठक लेती डीएम
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले में भू जल स्तर बढ़ाने के लिए 75 अमृत सरोवर तैयार किए जाऐंगे। प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर 102 स्थान चिह्ति किए हैं। डीएम ने सरोवर के लिए स्थान सुनिश्चित कर 15 मई तक डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं। 15 अगस्त तक सभी सरोवरों को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
शनिवार को मिशन अमृत महोत्सव की जिलास्तरीय अनुश्रवण कमेटी की बैठक डीएम वंदना सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में डीडीओ केएन तिवारी ने बताया कि सरोवर बनाने के लिए आजादी के शहीदों के गांवों को प्राथमिकता दी जा रही है। डीएम ने बताया कि अमृत सरोवर बनाने का मुख्य उद्देश्य है भू-जल के स्तर को बढ़ाना, जल स्रोतों को पुनर्जीवित करना और अमृत सरोवर के जल से कृषि औद्यानिकी आदि कार्यों को कराया जाना है। उन्होंने कहा कि सरोवरों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ और पक्की दीवार का निर्माण करें और सरोवर के तले में सीमेंट का कार्य न किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्धारित तिथि में सरोवर का निर्माण कार्य पूरा करने वाली ग्राम सभा को पुरस्कृत भी किया जाएगा।