भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भिकियासैंण नगर पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली से लोग हैरान हैं। एक तरफ खुले में शौच करने वालों के चालान किए जा रहे हैं और वहीं नगर में बने दोनों शौचालयों में ताले लटके हैं। जबकि इन दिनों यात्रा सीजन चल रहा है और पर्यटकों की भी भीड़ है। ऐसे में यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है। यहां प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को भी पलीता लग रहा है।
नगर पंचायत के अंतर्गत बडियाली बाजार में विधायक निधि से और तहसील कार्यालय के नीचे सांसद निधि से सार्वजनिक शौचालय बने हैं, लेकिन पर्यावरण मित्र (स्वच्छकार) तैनात नहीं होने के कारण दोनों शौचालय बंद पड़े हैं। पूरे बाजार में कोई अन्य शौचालय नहीं है। इन दिनों हेमकुंड, बदरीनाथ, केदारनाथ, जोशीमठ आदि क्षेत्रों को भारी संख्या में यात्री निकल रहे हैं। भिकियासैंण में कोई शौचालय नहीं होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खास तौर पर महिलाओं की भारी फजीहत हो रही है। लोगों का यह भी कहना है एक ओर तो नगर पंचायत ने खुले में शौच करने वाले लोगों के खिलाफ चालान काटने का फरमान जारी किया है वहीं यात्रा सीजन में भी शौचालयों को बंद रखा गया है। इस हालत में नगर को स्वच्छ बनाने का नारा कागजी साबित हो रहा है।
यात्रा सीजन में यात्रियों की भारी फजीहत
स्वच्छ भारत अभियान को खुलेआम पलीता
नगर में पूर्व में बने सार्वजनिक शौचालयों में इन दिनों सुधारीकरण का कार्य कराया जा रहा है। दो सप्ताह के भीतर कार्य पूरा हो जाएगा। उसके बाद शौचालय खोल दिए जाएंगे। नगर पंचायत लोगों को बेहतर सुविधा देने का प्रयास कर रही है।
- पीके ओझा, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत भिकियासैंण