जैंती (अल्मोड़ा)। जैंती तहसील के आंतरिक मोटर मार्गों की हालत काफी बदहाल बनी हुई है। इन सड़कों पर जगह -जगह पर गड्ढे बने होने से दुर्घटनाएं होने का खतरा बना हुआ है।
इन सड़कों पर कई स्थानों नालियां बंद होने से गंदा पानी सड़कों में बह रहा है। जिससे राहगीरों तथा वाहन चालकों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। जैंती तहसील में पड़ने वाली जैंती-भनोली, सुनाड़ी-मल्ला बिनौला, चायखान-थुवासिमल आदि मोटर मार्गों की हालत अच्छी नहीं है। जैंती-भनोली मोटर मार्ग भनलेख, जाख, बिरखम, थामथोली, पुभाऊं, बाराकोट, जमाड़, चगेठी, पव्वाखान, डुंगरा, चायखान-थुवासिमल मोटर मार्ग क्षेत्र के स्यूनानी, कनरा, बोरा गांव, बचकांडे, निरई, मलकोट, खूनी, ल्वाली, ध्यूली धौनी आदि गांवों को जोड़ता है। डामर उखड़ने से सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। सड़क में बने गड्ढों में बारिश का पानी भर जाता है। जिससे वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का भय बना रहा है।
लोगों का कहना है कि इन दिनों शादी विवाह का सीजन चल रहा है। बारातें भी इसी मोटर मार्ग से होकर जाती हैं। कई बार वाहनों में क्षमता से अधिक बाराती भी होते हैं। ऐसे में सड़क खराब होने से दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। कई स्थानों पर सड़कों की दीवारें ध्वस्त होने से सड़क संकरी हो गई है।
कोट.........
इन दिनों रिलायंस जिओ की ओएफसी लाइन बिछायी जा रही है। इस कारण सड़क किनारे नालियों की खुदाई हुई है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद नालियों का पुनर्निर्माण करने के साथ ही अन्य सुधारीकरण कार्य किया जाएगा। सड़क के नवीनीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा रहा है।
द्वारिका प्रसाद वर्मा, सहायक अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग अल्मोड़ा।
फोटो- डामर उखडने से बदहाल जैंती-भनोली मोटर मार्ग। (23एएलएम13पी)
...................