अल्मोड़ा। विकास रथ यात्रा के तहत नव हिमालयन लोक कला समिति के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी।
कलाकारों ने अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना, होम स्टे, पर्यटन क्षेत्रों के पुनर्निर्माण, कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने, भ्रष्टाचार पर रोक आदि पर कार्यक्रम पेश किए। समिति के संचालक गोकुल सिंह ने बताया कि गत दस फरवरी को देहरादून से रवाना हुई विकास रथ यात्रा नैनीताल जिले से होते हुए अल्मोड़ा जिले में पहुंची है।
जिले में बस स्टेशन, धौलछीना, बाड़ेछीना, पनुवानौला, दन्यां, धौलादेवी, जागेश्वर आदि स्थानों पर कार्यक्रम पेश किए गए। 12 मार्च से बागेश्वर जिले में कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कलाकारों के दल में ललित पांडे, गोकुल बिष्ट, शेखर, पवन, धीरज, दीपक, उमाशंकर, दीपक तिवारी, रेखा, चांदनी, कल्पना, मीनाक्षी आदि कलाकार शामिल थे।