अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने गत सात दिसंबर को नगर के पास हुई वाहन दुर्घटना में मृतक शिक्षकों के घर जाकर परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रभावित परिवारों को सरकार हर संभव सहायता देगी।
शिक्षा मंत्री ने चौधरीखोला मोहल्ले में जाकर शिक्षिका स्व. लक्ष्मी शाही के परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद वह शिक्षक स्व. एमसी पंत के घर गए। वहां उनकी पत्नी भावना पंत और वृद्ध पिता कमलाकांत पंत को सांत्वना दी।
परिजनों ने मृतक की पत्नी को नौकरी दिलाने को लेकर मंत्री को पत्र सौंपा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि शीघ्र ही शिक्षा विभाग में आउट सोर्सिंग के माध्यम से नियुक्तियां की जा रही है। अपर निदेशक शिक्षा मुकुल सती को निर्देश दिए कि कि इस आवेदन पत्र को प्राथमिकता देकर सेवायोजित करने का प्रयास करें।
युवा कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि भावन पंत को प्रांतीय रक्षक दल का प्रशिक्षण दिलाकर प्रमाण पत्र शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि सेवायोजित किया जा सके।
इसके बाद मंत्री मृतक शिक्षिका स्व. गीता नयाल के पैतृक गांव भगतोला गए और उनके बच्चों को ढांढस बंधाया। आश्वासन दिया कि बच्चों की हर परेशानी शासन और जिला प्रशासन दूर करेगा।
इसके बाद वह प्रधानाध्यापक स्व. कांता बल्लभ बवाड़ी के घर गए और शोक संवेदना जताई। इससे पहले मंत्री ने हल्द्वानी अस्पताल जाकर दुर्घटना के घायलों का भी हालचाल पूछा। उनके साथ पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष कैलाश गुररुानी, पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट, सभासद विद्या पांडे, श्याम पांडे सुनील जोशी, किरन पंत, अपर निदेशक जगमोहन रौतेला, एसडीएम विवेक राय, डीईओ माध्यमिक हर्ष बहादुर चंद, बेसिक आरएस यादव, डीएसपी आरएस टोलिया आदि भी थे।