अल्मोड़ा। जंगलों में आग लगने की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को नगर के आसपास कलीमठ-कसारदेवी, पांडेखोला, एसएसबी से सटे जंगल के अलावा बाड़ेेछीना और गणनाथ के जंगलों में आग लग गई। आग बुझाने में स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही। जानकारी मिलने के बाद वन विभाग और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और घंटों प्रयास के बाद आग बुझाई। इस दौरान जाम लगने से वाहन भी मार्ग में फंसे रहे।
दिन के समय कालीमठ-कसारदेवी इलाके में जंगल में अचानक आग लग गई। देखते देखते आग फैलने लगी तो ग्रामीण अग्निशमन और वन विभाग को सूचना देने के साथ खुद ही आग बुझाने में जुट गए। स्थानीय लोग घरों से पानी के बर्तन लाकर आग बुझाने लगे। बाद में वन विभाग और अग्निशमन की टीम भी मौके पर पहुंची और उन्होंने घंटों के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग की घटना के बाद कसारदेवी क्षेत्र में वाहन भी जाम में फंसे रहे। इधर इसी दौरान एनटीडी मार्ग में एसएसबी से सटे जंगल और पांडेखोला के जंगल में भी आग की घटना सामने आई। वन क्षेत्राधिकारी संचिता वर्मा ने बताया कि विभिन्न जगहों पर आग लगने की घटना सामने आईं। ताकुला ब्लॉक के गणानाथ और बाड़ेछीना के आसपास के जंगल में भी आग लगने की घटना हुई। उन्होंने बताया कि जहां जहां आग लगने की घटनाएं हुई वन विभाग के कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। इधर मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव ने बताया कि आग लगने वाली जगहों पर फायर पुलिस की टीम मौके पर गई और आग पर काबू पा लिया गया है।
स्थानीय लोगों की मदद से अग्रिशमन और वनकर्मियों ने आग बुझाई
आग की घटना के दौरान कसारदेवी में जाम में फंसे रहे वाहन