अल्मोड़ा। नगर में आवारा कुत्तों और बंदरों के बढ़ते आतंक से छुटकारा दिलाने की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों का चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में चल रहा धरना सोमवार को एसडीएम (सदर) से हुई वार्ता के बाद स्थगित हो गया है। संगठन ने तीन माह के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा आंदोलन करने की चेतावनी दी।
आवारा कुत्तों और बंदरों के आतंक से छुटकारा दिलाने की मांग को लेकर गांधी पार्क में विभिन्न संगठनों के लोग पिछले कई दिनों से धरना दे रहे थे। सोमवार को एसडीएम विवेक राय आंदोलनकारियों से वार्ता करने पहुंचे। वार्ता में एसडीएम ने बताया कि नगर में बंदरों के बधियाकरण के लिए 21 लाख रुपये के उपकरण खरीदे गए हैं। वन विभाग को बंदरबाड़ा बनाने के लिए शासन स्तर से शीघ्र 59 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। तीन दिसंबर से नगर में कुत्तों के बधियाकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा। वार्ता के बाद संगठन ने धरना स्थगित कर दिया।
इस दौरान महिला कल्याण संस्था की अध्यक्ष रीता दुर्गापाल, सचिव पुष्पा सती, उपाध्यक्ष मंजू अग्रवाल, रीता जोशी, दीपा जोशी, आनंद बगड़वाल, मनोज सनवाल, लीला खोलिया, विद्या गुरुरानी आदि मौजूद थे।