अल्मोड़ा। राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों के एटीएम में कैश डालने वाली एक कंपनी के कर्मचारियों ने एटीएम में कैश डालने के नाम पर कंपनी को 39 लाख रुपये का चूना लगा दिया। काफी समय बाद भी जब कंपनी कर्मचारियों से पैसा वसूल नहीं कर पाई तो पुलिस को तहरीर सौंपी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छानबीन कर एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। फरार चल रहे दो कर्मचारियों की धरपकड़ के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
इंफ्रोसिस्टम लिमिटेड कंपनी राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों के एटीएम में कैश डालने का काम करती है। इसके लिए कंपनी ने कुछ कर्मचारियों को नियुक्त किया है। नवंबर 2021 में कंपनी के ब्रांच मैनेजर विजय सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने कंपनी के 39 लाख 14 हजार रुपये का गबन किया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया और मामले की जांच कोतवाली के एसएसआई अंबीराम को दी। पुलिस ने बुधवार को नवीन चंद्र निवासी ग्राम भतौड़ा पोस्ट भतौड़ा, जिला बागेश्वर को शिखर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। एसएसआई अंबीराम ने बताया कि कंपनी को अपने ऑडिट में पैसों के गबन की बात पता चली थी। कंपनी ने छानबीन के बाद एटीएम में कैश डालने वाले चार कर्मचारियों से पूछताछ की तो कर्मचारियों ने पैसा गबन करने की बात कबूली। उन्होंने रुपये लौटाने के लिए कंपनी को चेक दे दिए लेकिन सभी चेक बाउंस हो गए थे। पूरी छानबीन के बाद बुधवार को एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो कर्मचारियों की तलाश जारी है।
गबन करने के लिए चार एटीएम में कम डाली रकम
अल्मोड़ा। एटीएम में पैसा जमा करने के नाम पर पैसों का गबन करने वाले इंफ्रोसिस्टम के कर्मचारियों ने अल्मोड़ा के एसबीआई कसारदेवी, पीएनबी धारानौला, एचडीएफसी शिखर तिराहा और एसबीआई जौहरी बाजार के एटीएम में तय राशि से कम रकम डालकर लाखों का गबन किया था। कंपनी एसबीआई, पीएनबी और एचडीएफसी बैंक के एटीएम में ही पैसा डालने का काम करती है।
पांच से 25 लाख तक बांटी थी आपस में रकम
अल्मोड़ा। पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि तीनों कर्मचारियों ने पांच से 25 लाख तक रुपये आपस में बांटे थे। एसएसआई अंबीराम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नवीन चंद्र ने 25 लाख, उसके दूसरे साथी ने पांच लाख और तीसरे साथी ने नौ लाख रुपये के गबन करने की बात कबूली है। तीनों आरोपी अभी तक सात लाख 70 हजार रुपये कंपनी को वापस भी कर चुके हैं।
आज एक और आरोपी की हो सकती है गिरफ्तारी
अल्मोड़ा। एटीएम में कैश डालने के नाम पर गबन करने वाले कर्मचारियों में से बागेश्वर निवासी एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फरार चल रहा दूसरा आरोपी भी बागेश्वर जिले का और तीसरा आरोपी नैनीताल जिले का बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार एक और आरोपी के काफी करीब तक पुलिस पहुंच चुकी है। बृहस्पतिवार तक आरोपी पुलिस की पकड़ में होगा।