अल्मोड़ा। मुख्य विकास अधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा है कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के लिए गैर वाहन मद और वाहन मद में पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाना होगा। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना की जिला चयन समिति की बैठक में उन्होंने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को समस्त आवेदन पत्रों की जांच कर लाभार्थियों के आवेदन पत्रों को संबंधित बैंक में भेजने के निर्देश दिए। अपूर्ण आवेदन पत्र किसी भी दशा में बैंक को न भेजे जाएं।
उन्होंने बताया कि गैर वाहन मद के लिए नौ आवेदन पत्र मिले थे। जिसमें से आठ आवेदन पत्रों पर चयन समिति द्वारा स्वीकृति दी गई। वाहन मद में पांच आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे। जिसमें से चार आवेदन पत्रों में सहमति दी गई। आवेदकों को बैंक की किश्तों को नियमित रूप से जमा करने को कहा गया। गैर वाहन मद में सुनील कुमार जोशी, शशांक पंत, योगेश पूना, कैलाश भट्ट, विपिन भट्ट, कमल सिंह राणा, सुरेंद्र सिंह नेगी, तारा सिंह बिष्ट तथा वाहन मद में महेश सिंह, संजय कुमार, राजेंद्र कुमार मेहता, दिनेश भट्ट के आवेदन पत्रों को सहमति दी गई।
सीडीओ ने कहा कि आवेदक व्यवसाय करने से पहले उसके बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर लें तभी वह सफल होंगे। चयन समिति में शामिल अग्रणी बैंक के प्रबंधक पूरन जोशी, नाबार्ड के महाप्रबंधक मनोज कुमार शर्मा, उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक डा. दीपक मुरारी, पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने आवेदकों से पूछताछ की। इस मौके पर संभागीय परिवहन कार्यालय के सतेंद्र भोज, पर्यटन विभाग के अमित बिष्ट, सुंदर सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।