अल्मोड़ा। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत शनिवार को राजकीय इंटर कालेज अल्मोड़ा में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं विश्व की सर्वाधिक जटिल समस्याओं में से एक है। उन्होंने युवाओं और अन्य लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिलाधिकारी ने छात्रों से सीधा संवाद किया। उन्होंने जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) को जीआईसी अल्मोड़ा की चाहरदीवारी का आगणन तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं द्वारा वाहन काफी तेज गति से चलाए जाते हैं। सीट बेल्ट और हेलमेट का प्रयोग नहीं किया जाता है। शराब पीकर गाड़ी चलाना, मोबाइल पर बात करना आदि कुछ कारण ऐसे हैं जिसकी वजह से सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाएं कम होंगी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में छात्रों की बौद्धिक क्षमता बढ़ाने के लिए शीघ्र कॅरियर काउंसलिंग के माध्यम से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उच्च अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) को जीआईसी के चाहरदीवारी का आगणन तैयार करने के निर्देश दिए। स्कूल की विभिन्न समस्याओं की रिपोर्ट तैयार करने को कहा ताकि जिला योजना के माध्यम से काम कराया जा सके। उप जिलाधिकारी रजा अब्बास, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. निशा पांडे, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) एचबी चंद, अरबन कापरेटिव बैंक अध्यक्ष आनंद सिंह बगड़वाल, गिरीश मल्होत्रा, यातायात निरीक्षक बीएस बिष्ट, संभागीय परिवहन कार्यालय के सतेंद्र भोज, सीनियर फोरमैन राजेंद्र बिष्ट ने सड़क सुरक्षा, रेडक्रॉस, नशा मुक्ति के बारे में जानकारी दी।
इस मौके पर अमित कनवाल, राजेंद्र सिंह, आकाश सिंह, देवेंद्र बिष्ट, बिट्टू कुमार, सौरभ वासीकोटी, षष्टीबल्लभ भट्ट आदि छात्रों ने जिलाधिकारी से संवाद कर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों सहित सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी ली। विद्यालय के शिक्षक जगदीश चंद्र पांडे ने बताया कि विद्यालय में बाहरी तत्वों के प्रवेश से शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा है। प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार टम्टा ने जिलाधिकारी को विभिन्न समस्याएं बताई। संचालन डा. जीएस रावत ने किया।