अल्मोड़ा। नगर के माल रोड में जीजीआईसी के समीप स्थित नवनिर्मित पार्किंग का आखिरकार लंबे समय बाद संचालन शुरू हो गया है। पार्किंग 24 घंटे ओपन रहेगी। पार्किंग शुरू होने से पर्यटन सीजन में यातायात प्रबंधन में राहत मिलेगी। जीजीआईसी के समीप स्थित नवनिर्मित पार्किंग का शुभारंभ बहुत पहले कर लिया था, लेकिन लंबे समय के बाद भी ये हैंडओवर नहीं हो पाया। शनिवार को मेयर अजय वर्मा और एसएनए भरत त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से पार्किंग का निरीक्षण किया। इसके बाद पार्किंग को वाहनों के लिए खोल दिया है।
पार्किग का संचालन नगर निगम करेगा। नगर निगम नगर आयुक्त और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने पार्किंग संचालन के लिए कर एवं राजस्व निरीक्षक धीरज कांडपाल को प्रभारी अधिकारी का दायित्व सौंपते हुए पार्किंग संचालन के लिए 18 निगम कार्मिकों की तैनाती कर दी है। वहां पर सहायक सफाई निरीक्षक लक्ष्मण सिंह भंडारी, मनोज मिश्रा, कार्यालय अधीक्षक दीप चंद्र जोशी, हिमांशु कांडपाल, बसंत बल्लभ पांडे आदि मौजूद रहे।