अल्मोड़ा। नगर में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को बंदर काटने के तीन मामले जिला अस्पताल में पहुंचे। इसके अलावा लावारिस कुत्तों ने भी लोगों को परेशान कर रखा है। लोगों ने प्रशासन से कटखने बंदरों से निजात दिलाने की मांग की है। मार्च में ही 170 लोगों को कुत्ते और 26 बंदर लोगों को काट चुके हैं।
बृहस्पतिवार को कटखने बंदर ने थाना बाजार निवासी 18 वर्षीय दीपिका बोरा के हाथ में काट लिया। इसके अलावा बंदरों ने नरसिंह बाड़ी निवासी 56 वर्षीय सीपी वर्मा के पैर में और मल्ली माल गांव निवासी 63 वर्षीय विनोद टम्टा के पीठ में काट लिया।
सभी घायल जिला अस्पताल में एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाने पहुंचे थे। तीनों ने बताया कि बंदरों के आतंक से वह लोग घर के बाहर जाने से भी डर रहे हैं। जिला अस्पताल के फार्मासिस्ट जेएस देवड़ी ने बताया कि हर रोज 30-35 एंटी डोज मरीजों को लगाई जा रही है। इधर स्टोर रूम प्रभारी बीडी साह ने बताया कि हाल ही में एक हजार एंटी रेबीज डोज बाजार से खरीदे गए थे। जो अब खत्म होने की कगार पर हैं।