अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में 16 फरवरी को होने जा रहे भाजपा अल्मोड़ा लोकसभा क्षेत्र के त्रिशक्ति सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह होंगे। सम्मेलन में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के भी पहुंचने की संभावना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि त्रिशक्ति सम्मेलन में अल्मोड़ा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत चारों जिलों में स्थित सभी बूथों से बूथ पालक, बीएलए-टू और बूथ अध्यक्ष हिस्सा लेंगे। इस तरह त्रिशक्ति सम्मेलन में चारों जिलों में स्थित 2154 बूथों से कुल तीन-तीन पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इस तरह पूरे संसदीय क्षेत्र से 6462 बूथ पदाधिकारी अल्मोड़ा पहुंचेंगे। कहा कि पार्टी बूथ जीता चुनाव जीता, अपना बूथ सबसे मजबूत के नारे के साथ तैयारी में जुटी है। बताया कि 16 फरवरी को ही पौड़ी में भी त्रिशक्ति सम्मेलन है। मुख्यमंत्री पहले पौड़ी जाएंगे और फिर वहां से अल्मोड़ा आ सकते हैं।
सम्मेलन में संसदीय क्षेत्र के ये पदाधिकारी रहेंगे मौजूद
अल्मोड़ा। चारों जिलों की जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और महामंत्री, सभी मोर्चा और प्रकोष्ठों के प्रमुख, सभी प्रदेश पदाधिकारी, पार्टी के जिला पंचायत अध्यक्ष, नगरपालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पिछले विधानसभा चुनावों में पराजित हुए भाजपा प्रत्याशी, पार्टी के ब्लाक प्रमुख, ज्येष्ठ और कनिष्ठ उप प्रमुख, संसदीय क्षेत्र से चुने गए राज्य सरकार के मंत्री, पिछले बार के पूर्व जिलाध्यक्ष आदि मौजूद रहेंगे।