जैंती (अल्मोड़ा)। तहसील क्षेत्र के कई गांवों के बीपीएल और अंत्योदय कार्ड धारकों को गत चार माह से खाद्यान्न का कोटा नहीं मिला है। इस कारण बीपीएल परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि मजदूरी करने वाले बीपीएल और अंत्योदय कार्ड धारक बाजार से महंगा आटा खरीदने को मजबूर हैं। प्रभावित लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर राशन का कोटा शीघ्र देने की मांग की है।
तहसील के मल्ला बिनौला, बांजधार, जलना, बिराड़, कालाडुंगरा, ल्वाली, कुटौली, नया संग्रौली, बष्टा, कुंज आदि गांवों के कई बीपीएल और अंत्योदय कार्ड धारकों को अक्तूबर से गेहूं का कोटा नहीं मिला है। बीपीएल कार्ड धारक को दो किलो गेहूं, तीन किलो चावल प्रति यूनिट, अंत्योदय कार्ड धारक को 25 किलो चावल और 10 किलो गेहूं दिया जाता है। पिछले चार माह से इन कार्ड धारक को गेहूं का कोटा नहीं मिला है। मकर संक्राति का पर्व नजदीक है, गेहूं का कोटा नहीं मिलने से प्रभावित परिवारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रभावित लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर चार माह का गेहूं कोटा शीघ्र दिलाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में हयात सिंह धौनी, विमला देवी, शांति देवी, मोहनी देवी, देवेंद्र सिंह, धन सिंह, खुशाल सिंह, नंदन सिंह, राम सिंह, पनी राम, प्रेम राम, मोहन राम, राजेंद्र सिंह, बची राम, बहादुर राम आदि शामिल हैं।