अल्मोड़ा। जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) आरएस यादव ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय चौराकलेत का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय सायं तीन बजे बंद मिला। उन्होंने प्रधानाध्यापक इंद्र सिंह कनवाल को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
डीईओ यादव 29 मार्च को हवालबाग ब्लॉक के प्राथमिक विद्यलाय चौराकलेत के आकस्मिक निरीक्षण को पहुंचे, तो सायं तीन बजे विद्यालय बंद मिला। हालांकि वहां एक सहायक अध्यापिका उपस्थित थीं। छात्र-छात्राएं नहीं थे। विद्यालय कक्षों में ताला लगा हुआ था। डीईओ का कहना है कि प्रधानाध्यापक द्वारा दायित्वों का निर्वहन नहीं किया जा रहा जो कि घोर लापरवाही है।
डीईओ ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक इंद्र सिंह कनवाल को विद्यालय निर्धारित समय से पूर्व बंद किए जाने के संबंध में तीन दिन के भीतर उप शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) हवालबाग के माध्यम से स्पष्टीकरण देने को कहा है। स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।