अल्मोड़ा। एसओजी और कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से दो युवकों को 10 .67 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के पास एक-एक इलेक्ट्रानिक तराजू भी बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि एसएसपी पीएन मीणा द्वारा चलाए जा रहे नशा निरोधक पखवाड़े के बीच एंटी ड्रग टास्क फोर्स ने ऑपरेशन नया सवेरा के तहत ब्राइट इन कॉर्नर के पास चेकिंग के दौरान कुलदीप राणा निवासी पुरानी शराब भट्टी, बचीनगर लामाचौड़ हल्द्वानी के कब्जे से 5.30 ग्राम स्मैक बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बरामद स्मैक की कीमत 53000 रुपये बताई जा रही है।
इसके अलावा एसओजी और पुलिस टीम ने बेस अस्पताल के पास एक और युवक दीशांक उर्फ विक्रम निवासी बेस खत्याड़ी को भी 5 .37 ग्राम स्मैक(कीमत 53700 रुपये) और एक इलेक्ट्रानिक तराजू के साथ गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। कोतवाल ने बताया कि आरोपी कुलदीप राणा ने पूछताछ में बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष का प्राइवेट छात्र है और एसएसजे परिसर में परीक्षा देने आया था। जबकि दूसरे आरोपी दीशांक ने बताया कि वह चंडीगढ़ में रहता है। कोतवाल ने बताया कि दीशांक नशा करते काफी पहले एक बार पकड़ा जा चुका है। लेकिन उस दौरान वह फरार हो गया था। दोनों आरोपी बाहर से स्मैक लाकर यहां छात्रों को महंगे दामों में बेचने का काम कर रहे थे। पुलिस और एसओजी टीम में उपनिरीक्षक सुनील सिंह, मोहन सिंह सोन, देवेंद्र सिंह राणा,ओमप्रकाश के अलावा कां. खुशाल राम, मानसिंह, हेमंत, दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।