अल्मोड़ा। कुमाऊं विवि एसएसजे परिसर के छात्र संघ अध्यक्ष राजन चंद्र जोशी के नेतृत्व में गए छात्रों के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर एसएसजे परिसर की मुख्य रोड की दशा सुधारने तथा सिमकनी खेल मैदान की तोड़ी गई दीवार का तुरंत निर्माण करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान सिमकनी खेल मैदान की दीवार को तोड़कर वहां वाहनों के आने-जाने का रास्ता बना दिया गया था। यहां से उस दौरान मतदान ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को रवाना किया गया। साथ ही इस मैदान में स्टार प्रचारकों की सभाएं भी आयोजित हुई। तब से तोड़ी गई दीवार का पुनर्निर्माण नहीं किया गया है। जिससे इन दिनों मैदान में वाहनों की पार्किंग के साथ ही कई लोग वाहन सीखने पहुंच रहे हैं। जिससे वहां खेल गतिविधियां नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने दीवार का तुरंत निर्माण करने के अलावा परिसर के भीतर से गुजरने वाली मुख्य सड़क को दुरुस्त करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि इस सड़क से पुलिस प्रशासन के अलावा अन्य विभागों और आम जनता के वाहन भी गुजरते हैं। ज्ञापन देने वालों में छात्र संघ अध्यक्ष राजन चंद्र जोशी के अलावा महासचिव अक्षय टम्टा, उपसचिव चंदन बहुगुणा, नवीन नैनवाल, वरुण कपकोटी, कृतिक पांडे, चंद्र प्रकाश, आदित्य आदि शामिल थे।