अल्मोड़ा। जैंती चौकी प्रभारी और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल के बीच हुई नोकझोंक का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ है। जैंती क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने एसएसपी को ज्ञापन देकर चौकी प्रभारी का स्थानांतरण नहीं करने की मांग की है।
उन्होंने एसएसपी को बताया कि वायरल वीडियो में चौकी इंचार्ज की बहस विधायक के पीए से हुई है। कहा कि दस सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बुलाया गया बंद शुरू में शांतिपूर्वक था। बाद में विद्यालयों को जबरदस्ती बंद करवाने और छात्राओं के साथ धक्का मुक्की के कारण स्थानीय चौकी प्रभारी को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा चौकी प्रभारी को रोकने से और स्थानीय विधायक के अपने कार्यकर्ताओं के पक्ष में खड़ा होने से यह स्थिति पैदा हुई। उनका कहना है कि चौकी प्रभारी द्वारा विधायक से किसी प्रकार की अभद्रता नहीं की गई। ज्ञापन देने वालों में पूर्व प्रधान दीवान सिंह पडियार, क्षेत्र पंचायत सदस्य बाराकोट शांति देवी, प्रधान तुलसी देवी, धनीराम, पूर्व प्रधान शांती देवी, विमला देवी, भीम सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्याम नारायण पांडे, पूर्व क्षेपंस किशन अधिकारी आदि शामिल थे। ब्यूरो
एम01पी- एसएसएसपी को ज्ञापन सौंपते जैंती क्षेत्र के जनप्रतिनिधि।