अल्मोड़ा। बीपीएड-एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बीपीएड और एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगार पिछले पांच साल से आंदोलनरत हैं, लेकिन अब तक सरकारों ने नियुक्ति नहीं दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षा मंत्री ने नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने देहरादून परेड ग्राउंड में चल रहे प्रदर्शन में भाग लेने जा रहे प्रशिक्षित बेरोजगारों और राष्ट्रीय खिलाड़ी पल्लवी कुकरेती को रुड़की के पास से गिरफ्तार करने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि राज्य में बारी-बारी से सत्ता में आईं कांग्रेस और भाजपा सरकारों ने प्रशिक्षित बेरोजगारों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया, लेकिन आज तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सरकारों पर प्रशिक्षित बेरोजगारों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकारों की तानाशाही किसी भी कीमत में स्वीकार नहीं की जाएगी। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। इस मौके पर अनिल कपूर, राजेंद्र रौतेला, मनीष जीना, लक्की वर्मा, मीनाक्षी, शैलेंद्र सिंह, मुकुल शर्मा, अमित, नवीन चंद्र, कमल भंडारी आदि मौजूद थे।