द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। पाली पछाऊं का ऐतिहासिक स्याल्दे बिखौती मेला इस बार 13 अप्रैल को विमांडेश्वर मंदिर प्रांगण से दोपहर एक बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू होगा। मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में यहां विमांडेश्वर मंदिर परिसर में बिखोती मेला कमेटी की बैठक हुई, जिसमें मेले को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया।
अध्यक्ष रमेश चंद्र पुजारी की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में बिखौती मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मेला परिसर, विमांडेश्वर मंदिर में रंगरोगन, विद्युत, पानी, साफ सफाई सहित शांति व्यवस्था को दुरुस्त बनाए जाने को लेकर भी मंत्रणा हुई। संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस बार 13 अप्रैल को दिन में एक बजे बिखौती मेले का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आगाज होगा। बैठक में विधायक महेश नेगी, नगर पंचायत अध्यक्ष मुकुल शाह, पूर्व विधायक मदन बिष्ट, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, मेला समिति उपाध्यक्ष हेम रावत, प्रचार सचिव गोविंद अधिकारी, सचिव नारायण रावत, महेश पंत, जगत रौतेला, तारा दत्त पुजारी, जवन सिंह, डिगर सिंह, जगदीश बुधानी, दिनेश पुजारी, मोहन चंद्र, राजस्व उप निरीक्षक नीरजा जोशी सहित तमाम विभागीय अधिकारी मौजूद थे। संचालन दिनेश पुजारी और हरवंश सिंह ने किया।