अल्मोड़ा। कुमाऊं आयुक्त राजीव रौतेला ने विकास भवन में बैठक लेकर कोसी पुनर्जनन अभियान की समीक्षा की। उन्होंने कोसी कैचमेंट एरिया से लगे विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 16 जुलाई को किए गए पौधरोपण के बाद सूखे और जंगली जानवरों द्वारा नष्ट किए गए पौधों के स्थान पर संबंधित नोडल अधिकारी दुबारा पौधरोपण कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि कोसी कैचमेंट एरिया के रिचार्ज जोन के क्षेत्रों का पानी यदि नदी में नहीं जा रहा है तो उस पानी को कोसी नदी में डालने का प्रयास करें। कोसी पुनर्जनन योजना मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अति महत्वाकांक्षी योजना है। मुख्यमंत्री द्वारा भी इसकी समीक्षा की जाएगी।
डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि अभियान की निरंतर समीक्षा की जा रही है। अभियान के संयोजक सीडीओ मयूर दीक्षित ने बताया कि 20 अक्तूबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री के आगमन पर पं. जीबी पंत हिमालयन पर्यावरण विकास संस्थान में कोसी ईको समिट के अलावा मैराथन दौड़ आयोजित होगी। सीएम द्वारा ताकुला और हवालबाग ब्लाक के समीप के एक-एक गांव का भ्रमण करना भी प्रस्तावित है। बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास नरेश कुमार, डीडीओ केके पंत आदि मौजूद थे।