मौलेखाल (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में पहली बार सल्ट ब्लॉक की छात्रा मीनाक्षी रावत ने प्रदेश मेरिट में स्थान बनाकर परचम लहराया है। 463 अंक प्राप्त कर वह प्रदेश मेरिट में स्थान बनाने में सफल रही। बेहद गरीब परिवार की इस छात्रा को पढ़ाई में मदद करने में उनकी मां का काफी योगदान रहा है। आगे की पढ़ाई करने के बाद वह वैज्ञानिक बनना चाहती है।
सल्ट ब्लॉक के जीआईसी भौनखाल की छात्रा मीनाक्षी को हिंदी में 97, अंग्रेजी में 90, गणित में 91, भौतिक विज्ञान में 88, रसायन विज्ञान में 97 अंक मिले हैं। ब्लॉक मुख्यालय से काफी दूर तड़म गांव के तोक भटोली निवासी सुंदर सिंह रावत और राधा देवी की पुत्री मीनाक्षी के दो छोटे भाई भी हैं। मीनाक्षी की मां राधा देवी आशा फैसिलेटर हैं। परिवार को पालने के साथ ही अपने बच्चों की पढ़ाई का भी जिम्मा उन्हीं के सिर पर है। मीनाक्षी के पिता कृषक हैं। मीनाक्षी ने सफलता का श्रेय अपने माता पिता के अलावा ट्यूशन शिक्षक हर्ष दत्त शर्मा को भी दिया है। इधर मीनाक्षी की उपलब्धि पर सल्ट क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई है।