अल्मोड़ा। लोकसभा चुनावों के लिए प्रशासन द्वारा उत्तराखंड परिवहन निगम अल्मोड़ा डिपो की छह बसों का अधिग्रहण करने के बाद डिपो में बसों की कमी हो गई है। जिससे बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। डिपो की अल्मोड़ा-मासी सेवा पिछले करीब डेढ़ माह से नहीं चल रही है। इससे क्षेत्रीय जनता परेशान है। साथ ही डिपो को भी राजस्व घाटा हो रहा है। ग्रामीणों ने इस मामले में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
लोकसभा चुनाव के लिए प्रशासन द्वारा रोडवेज की छह बसों के अधिग्रहण के बाद डिपो में बसों की कमी हो गई है। इस वजह से अल्मोड़ा-मासी सेवा का संचालन पिछले डेढ़ माह से नहीं हो रहा है। स्याल्दे, चौखुटिया, द्वाराहाट, ताड़ीखेत, हवालबाग आदि क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को टैक्सियों में ज्यादा किराया देकर सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस मामले में जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर अल्मोड़ा-मासी सेवा का संचालन शुरू करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में राज्य आंदोलनकारी वीरेंद्र बजेठा, चंदन नेगी, मनोज अधिकारी, प्रेम रावत, रमेश मठपाल, दिवाकर जोशी, हरीश आर्या, तारा प्रकाश, गोविंद सिंह आदि शामिल हैं। इधर रोडवेज के स्टेशन इंचार्ज केसी जोशी ने बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए प्रशासन ने रोडवेज की छह बसों का अधिग्रहण किया है। चुनाव के बाद अल्मोड़ा-मासी सेवा शुरू कर दी जाएगी।