अल्मोड़ा। जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव ने कलक्ट्रेट में जनता दरबार लगाकर समस्याएं सुनीं। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याएं उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग से सुनीं। लोगों ने सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि से संबंधित कुल 35 शिकायतें दर्ज कराईं। डीएम ने कहा कि जिन शिकायतों का निस्तारण जिला स्तर पर संभव है अधिकारी उनका सप्ताहभर के भीतर समाधान करें।
लोगों ने लक्ष्मेश्वर गैस गोदाम सहित अन्य स्थानों पर सफाई नहीं होने, साईं कालोनी में ड्रेनेज व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट नहीं जलने की शिकायत की। इस पर डीएम ने पालिका के ईओ को सप्ताह भर के भीतर समाधान करने को कहा। भवन के ऊपर हाईटेंशन तार और बिजली कार्यालय के डाउन पाइप से दीवार क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर डीएम ने विभाग के ईई को निर्देश दिए। तहसील भिकियासैंण, सल्ट और द्वाराहाट के लोगों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से शिकायतें रखीं। भिकियासैंण में अधूरे निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र, कुछ बन गए केंद्रों के भवन हस्तांतरण नहीं होने, मल्ली-मिरई मार्ग निर्माण से हुए नुकसान का मुआवजा नहीं मिलने, देघाट सब स्टेशन की लाइन नदी के बीच से जाने, जैनल-देघाट मार्ग का डामर उखड़ने पर एसडीएम को निरीक्षण कर सप्ताह भर के भीतर रिपोर्ट देने को कहा। इसके अलावा पेयजल संकट, राशन कार्ड में नाम दर्जन नहीं होने की शिकायत पर डीएम ने डीएसओ को सप्ताह भर के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। इसके अलावा शिक्षकों और डॉक्टरों की कमी का मुद्दा भी उठाया। डीएम ने कहा कि प्रत्येक सोमवार को प्रात: 10 बजे जनता दरबार आयोजित किया जाता है। लोग अपनी लिखित शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं। दूरस्थ तहसीलों की समस्याएं 11 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग से सुनी जाएंगी। इस अवसर पर सीएमओ डा. विनीता साह, डीइओ (प्रारंभिक) राय साहब यादव, ईओ पालिका श्याम सुंदर, लोनिवि के ईई एमसी जोशी, एसडी पांडे आदि विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
जनता दरबार में लोगों ने 35 शिकायतें दर्ज कराईं
डीएम ने कलक्ट्रेट में सुनी लोगों की समस्याएं