अल्मोड़ा। श्रम विभाग अल्मोड़ा में पंजीकृत श्रमिकों के आश्रितों को छात्रवृत्ति का भुगतान समय से नहीं हो रहा है। इस कारण उन्हें आर्थिक दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। श्रमिकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर छात्रवृत्ति का भुगतान शीघ्र कराने की मांग की है।
लमगड़ा ब्लॉक के सिलखोड़ा निवासी लीला देवी ने कहा कि वह श्रम विभाग में श्रमिक के तौर पर पंजीकृत हैं। उसका पुत्र तरुण बोरा कक्षा छह में अध्ययरत है। उसे 2016-17 की छात्रवृत्ति का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी से छात्रवृत्ति आंवटित होने की बात सामने आई है जबकि अब तक खाते में छात्रवृत्ति नहीं पहुंची है। अनरियाकोट निवासी गीता देवी ने बताया कि उसकी बेटी प्रियंका रावत और मनोज सिंह रावत को भी छात्रवृत्ति नहीं मिली है। छात्रवृत्ति नहीं मिलने के कारण बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में श्रम विभाग कार्यालय में कई बार संपर्क करने के बावजूद संतोषजनक उत्तर नहीं मिल रहा है। श्रमिकों का कहना है कि उनके आश्रितों को मिलने वाली छात्रवृत्ति से ही वह स्कूल की फीस, पुस्तकें आदि खरीदते हैं। समय पर छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।