अल्मोड़ा। सोमवार रात से अब तक बारिश नहीं थमी है। बुधवार को भी दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। बुधवार को अल्मोड़ा में आठ मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। उधर लमगड़ा के मोरनौला में बुधवार को भी बर्फबारी हुई है और सड़क में बर्फ जमने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क में जमी बर्फ हटाने के लिए जेसीबी भी लगाई गई है। बारिश और बर्फबारी से जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान छह और अधिकतम 10 डिग्री रिकार्ड किया गया।
मंगलवार को बिनसर, जागेश्वर, वृद्ध जागेश्वर, धौलछीना, शहरफाटक, जलना, पहाड़पानी, स्याहीदेवी, पौधार सहित तमाम इलाकों में बर्फबारी हुई थी। बुधवार को ज्यादातर इलाकों में दोबारा बर्फबारी नहीं हुई लेकिन रुक-रुककर बारिश चलती रही। आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार मोरनौला में जेसीबी भेज दी गई है और सड़क साफ करने का काम किया जा रहा है।
इधर जानकारी मिलने के बाद कई लोग बर्फ का आनंद लेने मोरनौला पहुंच गए। जिला प्रशासन के पूर्व के निर्देश के बाद बुधवार को जिले में सभी स्कूल, कालेज और आंगनबाड़ी केंद्र आदि बंद रहे। पूरे क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव और हीटर आदि का सहारा लिया।