फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

11 केवी लाइन की चपेट में आकर महिला की मौत

Sun, 15 May 2016 11:28 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, धौलछीना (अल्मोड़ा)।
विज्ञापन
मौके पर पहुंचे लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
धौलछीना (अल्मोड़ा)। लकड़ी लेने जंगल गई अलई गांव निवासी महिला की झूलते हुए 11 केवी लाइन की चपेट में आने से झुलसने से मौत हो गई। संयोग से साथ गई दो अन्य महिलाएं बाल-बाल बच गईं। घटना की सूचना मिलने पर बिजली, वन और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। राजस्व पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया। क्षेत्र के ग्रामीणों ने इसके लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए मौके पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों को खूब खरीखोटी सुनाई। 
विज्ञापन


रविवार सुबह नौ बजे अलई गांव निवासी पुष्पा आर्या (27) पत्नी प्रेम प्रकाश गांव की दो अन्य महिलाओं के साथ लकड़ी लेने घर से कुछ दूर जंगल गई थी। गैराड़ और अलई गांव के बीच जंगल पहुंचने पर महिलाओं ने बिजली की लाइन में चीड़ का सूखा पेड़ गिरा देखा। पेड़ गिरने से लाइन के तार काफी नीचे तक झूल रहे थे। दो महिलाएं दूसरे स्थान से लकड़ी काटने लगीं। खतरे से अंजान पुष्पा बिजली लाइन पर गिरे सूखे पेड़ से लकड़ी काटने लगी।

कुछ ही समय बाद वह तारों में बह रहे करंट की चपेट में आ गई। पुष्पा के चिल्लाने पर साथी महिलाओं को पुष्पा को करंट लगने का पता चला। उन्होंने घर जाकर परिजनों को हादसे की सूचना दी। ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचित किया। इसके बाद विभाग ने लाइन काटी।
विज्ञापन


सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार पीडी सनवाल, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता डीडी पांगती, एसडीओ केएस बिष्ट, जेई ललित डालाकोटी, प्रमुख हरीश बनौला, वन कर्मियों के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। महिला की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को खूब खरी खोटी सुनाते हुए इसे बिजली विभाग की लापरवाही बताई। 

अलई के जंगल में जिस स्थान पर करंट से महिला की मौत हुई, उससे करीब 10 मीटर दूर ही एक जंगली सुअर भी मरा मिला। माना जा रहा है कि शनिवार देर रात करंट की चपेट में आने से सुअर की मौत हुई होगी। मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के ईई डीडी पांगती ने बताया कि लाइन में हरा पेड़, टहनी आदि गिर जाने से लाइन के फ्यूज तुरंत फट जाते हैं।

फ्यूज फट जाने से सप्लाई बंद हो जाती है। दुर्भाग्य से अलई जंगल की लाइन में चीड़ का सूखा पेड़ गिरा था। हालांकि इससे लाइन के दो फ्यूज तो फट गए थे, लेकिन एक फेज में करंट बहता रहा। उन्होंने कहा कि हादसे की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई है। बिजली इंसपेक्टर को जांच के लिए बुलाया जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। 

मृत महिला पुष्पा आर्या के परिवार की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है। उसका पति प्रेम प्रकाश दिल्ली में मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। पुष्पा के दो छोटे बच्चे हैं। मृतका के अंतिम संस्कार के लिए मौके पर पहुंचे ब्लॉक प्रमुख हरीश बनौला, बिजली, वन, राजस्व विभाग को अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने धनराशि जुटाई। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें