आपदा की वजह से प्रदेश में फंसे श्रद्धालुओं की मुश्किल बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई है, जिससे राहत कार्य में मुश्किल पैदा हो सकती है।
खास तौर पर 25 से लेकर 27 जून तक आसमान में कई परतों वाले बादलों की वजह से हेलीकाप्टर को उड़ने में दिक्कत हो सकती है। चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड आपदा की विशेष कवरेज
मौसम विभाग के निदेशक आनंद शर्मा के अनुसार रविवार को भी बादल छाए रहने की उम्मीद है। कई जगह हल्की बारिश की संभावना है। सोमवार 24 जून को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कुछ जगहों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं। इसके बाद यह दायरा बढ़ सकता है। उधर, दून में शनिवार को दिन भर बादल छाए रहे, जिससे उमस बढ़ गई। डालनवाला, रायपुर, राजपुर आदि इलाकों में शाम के वक्त पड़ी तेज बौछारों से उमस से राहत मिली। शाम साढ़े पांच बजे तक 12.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।