एकल खिड़की व्यवस्था के तहत पहली बार उत्तराखंड के 168 करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव को मंगलवार को हरी झंडी मिली। मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्ले एग्रो के सिडकुल सितारगंज में निवेश के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।
खास बात यह रही कि एकल खिड़की व्यवस्था के तहत इस प्रस्ताव को ऑनलाइन ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, श्रम, उद्योग आदि विभागों ने मंजूरी दी। समिति के सामने पहले भी तीन प्रस्ताव आए थे, लेकिन ये प्रस्ताव ऑनलाइन नहीं थे।
अब ऑनलाइन ही स्वीकृत होंगे निवेश के सारे प्रस्ताव
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत प्रदेश में अब ऑनलाइन ही निवेश के सारे प्रस्तावों को स्वीकृत करने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए ऑनलाइन प्लेटफार्म बाकायदा एक अमेरिकन फर्म से तैयार कराया गया।
ऑनलाइन ही सारे विभाग आवेदनों को निस्तारित कर अपनी स्वीकृति दे रहे हैं। ऐसे में आवेदकों को सिर्फ एक बार ही औपचारिकताएं पूरी करनी हैं।
उत्तराखंड की कोशिश नंबर एक के लिए
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में पिछले वर्ष उत्तराखंड की रैंकिंग 23वीं थी। अब उत्तराखंड नंबर एक के लिए कोशिश कर रहा है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका एकल खिड़की व्यवस्था की ही है।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में बताया गया कि पोर्ले एग्रो ने 420 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव दिया है। ऑनलाइन प्रक्रिया मार्च 2016 में शुरू की गई थी।
इसके तहत एक सीमा से अधिक के प्रस्ताव मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित राज्य प्राधिकृत समिति की ओर से अनुमोदित होने की व्यवस्था है। एकल खिड़की व्यवस्था के तहत यह पहला प्र्रस्ताव था, जिसको राज्य प्राधिकृत समिति ने मंगलवार को अनुमोदित किया।