परिवार वालों ने शादी का प्रस्ताव मंजूर नहीं किया तो युवक ने युवती की गला काटकर हत्या कर दी। उसका शव मंगलवार की सुबह नवानगर गांव के नाले के पास मिला। मामला उत्तरप्रदेश के बलिया जनपद का है।
मृतका के पिता की तहरीर पर बांसडीह पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार मझौवां गांव के आनंद कुमार राजभर (25) ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह सिक्योर लाइफ कंपनी की एजेंट मझौली गांव की शायरा बानो से शादी करना चाहता था।
दो माह पूर्व इसका प्रस्ताव भी शायरा के घर वालों के सामने रखा। लेकिन उसके परिवार वालों ठुकरा दिया। इसके बाद उसने शायरा को खत्म करने की ठान ली।
उसने उसको सोमवार की शाम बहाने से एकांत में बुलाया और हत्या कर दी।
मंगलवार सुबह ग्रामीण शौच के लिए कटहल नाला पार कर गए। वहां खेत में युवती का शव देख भौचक रह गए। थोड़ी देर में सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर कुछ ही देर में बांसडीहरोड पुलिस पहुंच गई।
पुलिस शव को थाने ले आई। इसी बीच शायरा बानो के पिता सलाहुद्दीन भी थाने पहुंच गए और उन्होंने शव की शिनाख्त की।
बाद में एएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, सीओ बांसडीह राजेश कुमार भी पहुंचे। हत्या में और लोगों के शामिल होने की आशंका जताते हुए पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।