उत्तर प्रदेश के बहराइच के खैराघाट में थाना क्षेत्र के एक गांव में पेड़ से लटकती मिली युवती की लाश मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस के मुताबिक युवती के पिता और भाई ने उसकी गला दबाकर हत्या की और शव पेड़ से टांग दिया।
परिवारीजनों ने इसे खुदकुशी बता पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया था पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और उसकी रिपोर्ट में रेप के बाद हत्या की पुष्टि हुई।
गौरतलब है कि गांव के ही एक युवक की हत्या के प्रकरण में पुलिस ने युवती को तलब किया था और उसी के बाद संदिग्ध हालात में उसकी लाश मिली थी।
थाना क्षेत्र के एक गांव में 27 अगस्त को एक युवती का शव पेड़ से लटकता मिला था। पिता ने आत्महत्या का मामला बताकर पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया था लेकिन गांव में करीब 15 दिन पहले हुई एक युवक की हत्या के मामले में कॉल डिटेल खंगालने पर इसी युवती का नंबर युवक के मोबाइल में मिला था, जिस पर युवती को पुलिस ने पूछताछ के लिए तलब किया था।
परिवारीजन उसे लेकर थाने नहीं पहुंचे और अगले ही दिन युवती का शव पेड़ से लटकता मिला। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें आत्महत्या की बात झूठी साबित हुई और रेप के बाद हत्या की पुष्टि हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर पुलिस ने युवती के पिता और भाई से पूछताछ की। सख्ती करने पर दोनों ने अपना जुर्म कुबूल लिया। दोनों ने बताया कि बेटी का चाल-चलन ठीक नहीं होने के कारण उन्होंने उसकी हत्या कर दी लेकिन रेप की बात से दोनों ने इन्कार किया है।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि युवती से रेप किसने किया और क्या हत्याकांड में कोई तीसरा व्यक्ति भी शामिल था?
थानाध्यक्ष राम नगीना सिंह ने बताया कि मामला ऑनर किलिंग का लग रहा है लेकिन रेप की पुष्टि होने पर हत्याकांड की गुत्थी उलझती ही जा रही है। गांव में हुई युवक की हत्या से भी मामले को जोड़कर देखा जा रहा है।
फिलहाल जांच की जा रही है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। आरोपी पिता और भाई को जेल भेज दिया गया है।
युवती के मोबाइल में मिली सिपाही की 23 कॉल
युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल में खैरीघाट थाने के एक सिपाही की 23 कॉल मिली हैं। मोबाइल में छह नंबर और ट्रेस किए गए हैं, जिनसे घटना के पूर्व युवती की बात हुई थी। सीओ सुरेंद्र पांडेय ने बताया कि सिपाही को तलब कर फटकार लगाई है।
सिपाही का कहना है कि वह अक्सर गांव आता-जाता था, जहां पर उसकी युवती से मुलाकात हुई थी लेकिन हत्याकांड के बारे में वह कुछ नहीं जानता। इस मामले में पुलिस अधीक्षक मोहित गुप्ता ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। आरोपी सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।