समायोजन रद्द किए जाने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद शुरू हुआ शिक्षामित्रों का आंदोलन बृहस्पतिवार को उग्र व हिंसक हो उठा। गोरखपुर व आसपास के जिलों में इसका व्यापक असर देखने को मिला। गोरखपुर, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर में कहीं स्कूल बंद कराए गए तो कहीं सड़कों पर जाम जगा कर आवागमन अवरुद्ध कर दिया गया।
गोरखपुर में हुए लाठी चार्ज में कई शिक्षामित्रों का सिर फूट गया। पुलिस को चकमा देकर एकत्रित हुए शिक्षामित्रों के आंदोलन से तकरीबन पूरा शहर दिनभर ठप रहा। प्रदर्शनकारियों ने निजी वाहनों को निशाना बनाया और वाहन चालकों सहित कई लोगों को मारापीटा। शिक्षामित्रों के उत्पात के आगे पुलिस लाचार दिखी। हालांकि बाद में पुलिस-प्रशासन की ओर से सख्ती देखने को मिली और लाठी चार्ज किया गया, जिसमें कई शिक्षामित्रों का सिर फूटा। कई शिक्षामित्रों को हिरासत में लेकर, केस भी दर्ज किया गया है।
उधर बस्ती में करीब दो हजार शिक्षा मित्रों ने सुबह बीएसए कार्यालय पहुंच कर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन और नारेबाजी के दौरान उन्हें पुलिस घेरे रही। बाद में प्रदर्शनकारी कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री और स्थानीय सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
देवरिया में शिक्षा मित्रों के आंदोलन के चलते समायोजित शिक्षकों की कमी से पठन-पाठन कार्य प्रभावित रहा। कई प्राथमिक विद्यालयों में एक-एक शिक्षक ही स्कूल चलाते दिखे। आंदोलन को देखते हुए सुरक्षा कड़े इंतजाम रहे। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बीएसए कार्यालय पर सख्त चेकिंग देखने को मिली।
कुशीनगर में आंदोलनरत शिक्षा मित्रों ने कई जगह जबरन स्कूलों को बंद करा दिया। अधिकांश शिक्षा मित्र स्कूल नहीं गए। हाटा क्षेत्र में डीएम ने दो स्कूलों की जांच की, जहां शिक्षा मित्र अनुपस्थित मिले।
महराजगंज में शिक्षा मित्रों के आक्रोश को देखते हुए बीएसए दफ्तर पर सुरक्षा सुबह से ही बढ़ा दी गई। बीएसए कार्यालय परिसर में गेट पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे। बवाल की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम किए गए।
संतकबीरनगर में शिक्षा मित्र धरने पर बैठे। इनका धरना करीब पांच घंटे तक चला। बाद में एसडीएम के आश्वासन पर वह माने। शिक्षामित्रों ने बीएसए कार्यालय में हुई तोड़फोड़ में शामिल होने से इंकार किया। आंदोलन को लेकर हाइवे पर पुलिस मुस्तैद रही।
सिद्धार्थनगर में भी शिक्षामित्रों ने बीएसए दफ्तर पर धरना दिया। उन्होंने सरकार से सेवा नियमावली में संशोधन कर समायोजन करने की मांग की। धरने में शिक्षामित्रों के साथ ही प्राथमिक शिक्षक, पंचायत मित्र सहित कई संगठन भी शामिल हुए। शिक्षामित्रों ने चेतावनी दी कि सरकार की ओर से समुचित फैसला होने तक वह आंदोलन जारी रखेंगे। मौके पर पहुंचे डीएम ने शिक्षामित्रों की मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।