जिले में कोरोना टीकाकरण का ग्राफ बढ़ाने के लिए अब गांवों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभी तीन ब्लॉकों में पायलट प्रोजेक्ट के बाद अब एक जुलाई से इसे सभी ब्लॉकों में चलाया जाएगा। यहां 18 से 44 साल वालों का ऑन द स्पॉट पंजीकरण कर उन्हें टीका लगाया जाएगा। अभी तक 44 से ऊपर वालों को यह सुविधा मिल रही थी। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में भी वार्डों में कलस्टर बनाकर टीका लगाने की तैयारी है। इससे स्लॉट न मिलने से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। 18 से 44 साल वालों को कोविन पोर्टल पर स्लॉट बुकिंग की अनिवार्यता है। बहुत से लोगों का स्लॉट बुक नहीं हो पा रहा है और उन्हें भटकना पड़ता है। अब एक जुलाई से व्यवस्था में बदलाव होने से ऐसे लोग भी घर के आसपास टीका लगवा सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहरी और ग्रामीण इलाकों में अलग-अलग टीमें बनाए जाने, टीकाकरण से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि एक जुलाई से चलने वाले विशेष अभियान में गांवों में ग्राम प्रधान जबकि शहरी सीमा में पार्षदों का सहयोग लिया जाएगा।
बरेका में 35 हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना की महाप्रबंधक अंजली गोयल के निर्देशन में अब तक 35,204 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। रेलवे के 6100 तथा गैर रेलवे के 4843 लाभार्थियों सहित कुल 10,943 पात्र लोगों को वैक्सीन की पहली डोज, जबकि दूसरी डोज रेलवे के 9465 तथा गैर रेलवे के 14796 लाभार्थियों सहित कुल 24,261 लोगों को लगी है। ब्यूरो