सिंधिया घाट पर शनिवार की दोपहर नहाने के दौरान अधेड़ डूब गया। मौके पर पहुंची चौक पुलिस और जल पुलिस, एनडीआरएफ की टीमें खोजबीन कर रही है। अधेड़ अपनी बड़ी भाभी के दाह संस्कार में मणिकर्णिका घाट आया और फिर नहाने के लिए सिंधिया घाट गया।
सिगरा थाना अंतर्गत चंदुआ छित्तूपुर निवासी चंदन सरोज (55) की बड़ी भाभी का शुक्रवार की देर रात निधन हो गया। सुबह परिजन शव लेकर मणिकर्णिका घाट पहुंचे और दाह संस्कार के बाद सिंधिया घाट पर नहाने लगे। इसी बीच चंदन सरोज अपने पुत्र संदीप सरोज के संग नहा रहा था कि अचानक डूब गया।
चौक थाने के ब्रह्मनाल चौकी इंचार्ज गौरव उपाध्याय मौके पर पहुंचे और जल पुलिस, एनडीआरएफ को सूचना दी। एनडीआरएफ और निजी गोताखोरों ने भी खोजबीन की लेकिन रात तक अधेड़ का कोई पता नहीं चला। उधर, हादसे के बाद परिजनों को दोहरा अघात लगा। देर रात तक परिजन घाट पर जुटे रहे।