घटना के बाद डिब्बे में चीख-पुकार मच गई। यात्री भयभीत होकर अपनी सीटों से उठकर इधर-उधर भागने लगे। कई लोग दहशत के कारण चुपचाप बैठे रहे। यात्रियों ने बताया कि दोनों संदिग्ध युवक पिट्ठू बैग लेकर ट्रेन में सवार हुए थे। सकलडीहा क्षेत्र के ताजपुर गांव के पास ट्रेन की रफ्तार कम होते ही दोनों अंधेरे का फायदा उठाकर नीचे कूद गए और फरार हो गए।
चंदौली कोतवाली और सकलडीहा थाने की पुलिस के साथ जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे ट्रैक के किनारे युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका।
जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ शुरू कर दी है और हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, लूट या किसी अन्य कारण की जांच की जा रही है।
इब्राहिमपुर के पास हुई वारदात
पुलिस के अनुसार घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के पास हुई। इसके बाद ताजपुर गांव के समीप ट्रेन धीमी हुई, जहां से दोनों आरोपी कूदकर फरार हो गए। रेलवे और स्थानीय पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
क्या बोले सीओ सकलडीहा
सकलडीहा के क्षेत्राधिकारी कृष्णमुरारी शर्मा ने बताया कि यात्रियों से पूछताछ में सामने आया है कि दो युवक पिट्ठू बैग लेकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से ट्रेन में सवार हुए थे। उन्होंने एक व्यक्ति की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मारी और शव को नीचे फेंक दिया। घटना की जांच में सकलडीहा पुलिस, डीडीयू नगर पुलिस, जीआरपी और तीन थानों की संयुक्त टीम लगी हुई है।
चलती ट्रेन में दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज हत्या ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों में भय का माहौल है, जबकि पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।