यूपी के मऊ में घर में घुसकर एक युवक ने एक युवती के साथ दुष्कर्म किया। घटना के समय युवती घर में अकेली थी। इसी दौरान घर पहुंची युवती की मां को धक्का देकर आरोपी युवक फरार हो गया। पीड़िता की मां ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
वहीं आरोपी पर सत्ता पक्ष के एक नेता का हाथ होने के कारण पुलिस कार्रवाई करने की बजाय थाने में पंचायत करने लगी। देर शाम तक महिला के अड़े रहने पर पुलिस को मुकदमा दर्ज करना पड़ा। रिपोर्ट दर्ज होने पर पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा।
जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी आकाश क्षेत्र के एक प्रभावशाली व्यक्ति का वाहन चलाता है। इसके चलते सत्ता पक्ष के एक नेता का हाथ उस पर है। आकाश ने अपने गांव की रहने वाली युवती को घर में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवती की मां जब घर पहुंची तो आकाश युवती की मां को धक्का देते हुए भाग गया। युवती ने मां को आपबीती बताई। इसके बाद युवती को लेकर उसकी मां थाने पहुंची। महिला के तहरीर देने पर पुलिस अभी कोई कार्रवाई करती।
इस बीच आरोपी की पैरवी में एक नेता का फोन थाने पर पहुंच गया। इतना ही नहीं आरोपी की पैरवी में कई लोग थाने पर पहुंच गए और युवती और उसकी मां पर भविष्य का हवाला देकर मुह बंद रखने को कहा लेकिन बेटी की हालत देख महिला मुकदमा दर्ज कराने की जिद पर अड़ी रही। इस पर पुलिस ने देर शाम घटना की रिपोर्ट दर्ज की।