सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के डूभा बाजार में मंगलवार रात एक युवक पर अज्ञात लोगों ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी भेज दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
क्या है पूरा मामला
डूभा गांव निवासी प्रिंस कुमार (23) पुत्र बिगन प्रसाद मंगलवार रात घर से टहलने के लिए निकला था। इसी दौरान डूभा बाजार के पास अज्ञात लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा उसे तत्काल उपचार के लिए म्योरपुर सीएचसी ले गए।
इसे भी पढ़ें; उपलब्धि: एआई से 20.75 फीसदी ट्रैफिक सुधार के साथ नोएडा, लखनऊ और आगरा से भी आगे बनारस; खासियत जान लें
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है। हमला किन कारणों से हुआ और इसमें कौन लोग शामिल थे, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि घटना की सूचना अभी तक थाने को नहीं मिली है। मामले की जानकारी कराई जा रही है। सूचना मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।