यूपी के आजमगढ़ में नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार सुबह शौच के लिए निकले लोगों ने क्षत-विक्षत हालत में लाश को देखा। लाश के गले व पेट में धारदार हथियार से प्रहार किया गया था।
लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल को लेकर पवई व फूलपुर पुलिस सीमा विवाद में घंटों उलझी रही। बाद में पवई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पवई थाना के बसही गांव के ग्रामीण सोमवार की सुबह शौच के लिए खेत की तरफ जा रहे थे तो नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति का क्षत विक्षत शव पड़ा देखा। 100 नंबर पर सूचना देने के बाद पवई व फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंच गईं। घंटे भर के सीमा विवाद के बाद पवई पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
बाद में फूलपुर के अंबारी बाजार में किराए पर कमरा लेकर रह रहे फेरीवालों ने उसकी पहचान भरोस महतो (45) पुत्र प्रेम महतो निवासी ज्ञानपुर थाना मनेर जिला पटना के रूप में की। मृतक के साथी ने बताया कि वह कई वर्षों से अंबारी बाजार में रहकर मसाला, दाल आदि घूम-घूम कर बेचता था।