उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में दोस्त के घर जाने की बात कहकर घर से निकले युवक की कटरा कोतवाली क्षेत्र के डंगहर मोहल्ले में पत्थर से सिर कूंचकर हत्या कर दी। शनिवार की सुबह टहलने गए लोगों ने युवक का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
मौके पर पहुंची पुलिस उसे मंडलीय अस्पताल ले गई। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के सुरेकापुरम निवासी नीरज श्रीवास्तव(32) पुत्र रमेश चंद श्रीवास्तव मोबाइल रिपेयरिंग के समान का सप्लायर है। वह शुक्रवार की रात साढ़े 9 बजे घर पर दोस्त के घर जाने की बात कह कर निकला था। इसके बाद रात को वापस घर नहीं आया।
सुबह पांच बजे डंगहर मोहल्ले में टहल रहे लोगों ने युवक को खून से लथपथ देखा। उसके सिर से खून निकल रहा था और शरीर पर चोट के निशान थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंचे कटरा कोतवाल युवक की शिनाख्त कराते हुए उसे उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, अभी हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।