वाराणसी के भोसले घाट पर सोमवार सुबह करीब 7 बजे दो युवक स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जानकारी होने पर गोताखोरों ने तलाश शुरू की।
वाराणसी में गंगा में बढ़ते जलस्तर के बीच सोमवार सुबह भोसले घाट पर स्नान करते समय 24 वर्षीय युवक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही चौक पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया गया।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार कुश कुमार (24) पुत्र प्रदीप कुमार, निवासी सरेंजा, थाना राजपुर, जनपद बक्सर, अपने चचेरे भाई बैकुंठनाथ (18) के साथ वाराणसी दर्शन-पूजन के लिए आए थे। सोमवार सुबह करीब 7 बजे दोनों भोसले घाट, ब्रह्मनाल पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान कुश कुमार गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
सूचना पर उपनिरीक्षक हिमांशु मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवक की तलाश के लिए जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई। जिसके बाद शव बरामद किया गया। साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। गंगा का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव को देखते हुए घाटों पर लगातार सतर्कता बरती जा रही है।