Azamgarh News: प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी की लिखित परीक्षा में सेंध लगाने वाले अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया गया। साथ ही आरोपी के खिलाफ शिब्ली कॉलेज के प्रिंसिपल इमरान खान की तहरीर पर शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी की लिखित परीक्षा के दौरान शिबली इंटर कॉलेज केंद्र पर अभ्यर्थी आलोक पटेल कान में ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगाए मिला। केंद्र के अधिकारियों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के खिलाफ शिब्ली कॉलेज के प्रिंसिपल इमरान खान की तहरीर पर शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विज्ञापन
रविवार को जिले के 15 केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 7008 अभ्यर्थियों में से 6178 उपस्थित और 830 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर शिबली इंटर कॉलेज केंद्र पर तैनात परीक्षक ने वाराणसी जनपद के जंसा थाना क्षेत्र के भड़ाव गांव निवासी आलोक पटेल की तलाशी ली। इस दौरान उसके कान में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस (ब्लूटूथ) लगा मिला।
एसपी यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शिब्ली कॉलेज के प्रिंसिपल इमरान खान की तहरीर पर शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। डिवाइस के इस्तेमाल और परीक्षा में उसकी भूमिका की जांच की जाएगी। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण कराने के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया था।
विज्ञापन
अभ्यर्थियों की चेकिंग के साथ परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू रही। मोबाइल फोन, पेजर, आईटी गैजेट्स समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को केंद्र परिसर में ले जाने पर प्रतिबंध था। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती रही।