वाराणसी जिले में फूलपुर थाना क्षेत्र के बचौरा भट्ठे के पास सोमवार को दोपहर वाहन की टक्कर से बाइक सवार सुनील वर्मा (35) की मौत हो गई। वह पत्नी को लेने ससुराल जा रहा था। मौत की सूचना मिलते ही पत्नी बदहवास हो गई। फूलपुर पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
क्या है पूरा मामला
जौनपुर के केराकत थाना क्षेत्र के कुसहा निवासी सुनील वर्मा बाइक से दोपहर में अपनी पत्नी व बच्चों को लेने कठिराव में ससुराल जा रहा था। बचौरा में एक ईंट भट्ठे के पास सामने से आ रहे चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे सुनील का सिर कुचलते हुए वाहन भाग निकला। घटनास्थल पर ही सुनील की मौत हो गई। पुलिस ने पास मिले आधार कार्ड व मोबाइल से उसकी शिनाख्त की।
घटनास्थल से दो किमी दूर ससुराल में सूचना मिली तो कोहराम मच गया। पत्नी बिलखते हुए मौके पर पहुंची और शव देखते ही अचेत हो गई। पत्नी चंदा देवी व उसके दो बेटी और दो साल का एक बेटा है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुनील वर्मा सूरत में फैक्ट्री में काम करता था और छुट्टी लेकर घर आया था।
पत्नी और बच्चों को लाने ससुराल जा रहा था। तीन दिन बाद उसे सूरत जाना था। छोटे भाई की मौत एक साल पहले हो चुकी है। वह घर का इकलौता कमाऊ पुत्र था। फूलपुर इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन मालिक और चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।