कश्मीरी पंडितों के मोक्ष की कामना से काशी में हुआ त्रिपिंडी श्राद्ध
- फोटो : अमर उजाला
अभिनेता अनुपम खेर ने कहा कि कश्मीर के हालात अभी ठीक नहीं है। कश्मीरी पंडितों के जो हालात 32 साल पहले थे आज भी वहीं हैं। कश्मीर में सिर्फ कश्मीरी पंडित ही नहीं बल्कि बहुत सारे ऐसे मुसलमान भी मारे जा रहे हैं जो हिंदुस्तान के बारे में सोचते हैं। बेहद शर्म की बात है कि आज भी अपने देश में आतंकियों को क्लीन चिट दी जा रही है।
बुधवार को पिशाचमोचन तीर्थ पर कश्मीरी पंडितों का श्राद्ध करने आए अनुपम खेर ने कहा कि जब मैं कश्मीर फाइल्स की शूटिंग कर रहा था तो कई कहानियां मेरे सामने आईं थीं। उसी दौरान चंद्रमौलि उपाध्याय की वजह से मुझे इस पूजा के बारे में जानकारी मिली थी। मैंने सिर्फ कश्मीर ही नहीं पूरी दुनिया में आतंकवाद का शिकार हुए लोगों की आत्मा की शांति के लिए त्रिपिंडी श्राद्ध किया है।
कश्मीर के हालात और पलायन के सवाल पर अनुपम ने कहा कि यदि कश्मीर से फिर से पलायन हो रहा है तो उसे आप लोग उजागर करिए। आप अपने सोशल मीडिया पर जाइए और उनको रोकिए। आतंकवाद के खिलाफ बोलिए। कश्मीर में पर्यटक भी काफी संख्या में पहुंच रहे हैं। मैं सभी से गुजारिश करता हूं कि जो निर्दोष हैं उनको निशाना न बनाया जाए। इसके लिए हम सभी को लड़ना होगा। कश्मीरी पंडितों के साथ होने वाली त्रासदी 32 साल बाद दुनिया के सामने आई है।