आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ युवकों ने चंदन तिवारी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर और हाथ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। युवक को लहूलुहान अवस्था में देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। भंडारे में शामिल श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई। कोतवाली पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक और उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
इस संबंध में कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि घायल युवक का बेहतर इलाज कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश के लिए टीम लगाई गई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।