राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन से पूर्व शनिवार को पूर्वाभ्यास किया गया। सड़क से लेकर आसमान तक सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और कमिश्नरेट पुलिस ने बरेका गेस्ट हाउस, लंका, गोदौलिया और महमूरगंज-रथयात्रा, लक्सा मार्ग, काशी विश्वनाथ धाम से लेकर एयरपोर्ट तक की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
राष्ट्रपति के आगमन को देख बाबतपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सड़क मार्ग पर अतिरिक्त फोर्स तैनात करने के साथ ही जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। एयरपोर्ट से बरेका और बरेका गेस्ट हाउस से लंका, गोदौलिया मार्ग तक पुलिसकर्मी तैनात हैं। सेना के हेलीकॉप्टर से एयरपोर्ट से लेकर बरेका गेस्ट हाउस तक टच एंड गो का रिहर्सल किया गया।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने पुलिस लाइन में फोर्स को ब्रीफ करते कहा कि प्रस्तावित आगमन और भ्रमण के दौरान अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पुलिस अधिकारी लगातार ड्यूटी प्वाइंट को चेक करेंगे। काशी विश्वनाथ मंदिर और बरेका गेस्ट हाउस के आसपास किसी भी अनजान को जाने न दिया जाए। फ्लीट गुजरने के दौरान यह ध्यान रखना है कि छत या बालकनी से फूल न बरसा जाएं। सशस्त्र जवान छतों और मुंडेर पर तैनात होकर नजर रखेंगे। उधर, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने बरेका गेस्ट हाउस को अपने कब्जे में ले लिया है।
तीन कंपनी पीएसी भी तैनात रहेगी
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा में 11 एसपी रैंक, 12 एडिशनल एसपी, 22 डिप्टी एसपी, 180 दरोगा, 1100 पुरुष और 100 महिला कांस्टेबल के अलावा तीन कंपनी पीएसी तैनात रहेगी। ट्रैफिक, एलआईयू सहित अन्य सुरक्षा तंत्रों को भी अलर्ट किया गया है।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में करेंगे दर्शन पूजन
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रविवार दोपहर एक बजे गोरखपुर से सीधे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। सड़क मार्ग या सेना के हेलीकॉप्टर से बरेका गेस्ट हाउस जाएंगे। कुछ देर विश्राम के बाद बरेका से राष्ट्रपति का फ्लीट श्री काशी विश्वनाथ धाम के लिए निकलेगा। दर्शन पूजन के बाद कुछ देर विश्वनाथ मंदिर में गुजारेंगे। फिर शाम 6.45 पर विशेष विमान से लखनऊ रवाना होंगे।