आंखों के सामने बेटी को गंगा में कूदते देख पिता बदहवास हो गए। घटना के बाद वह काफी देर तक पुल पर खड़े होकर गंगा की ओर टकटकी लगाए रहे। पुल पर मौजूद रील बना रहे एक युवक ने बताया कि युवती दुपट्टा से चेहरा बांधकर पैदल पुल की ओर आ रही थी और उसके पीछे एक व्यक्ति बाइक से पहुंच रहा था। बाइक सवार के पहुंचने से पहले ही युवती ने गंगा में छलांग लगा दी। अचानक हुई घटना से वहां मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं सके।
जयप्रकाश से तीन बेटियां और दो बेटे हैं। सपना सबसे बड़ी बेटी थी। परिजनों के अनुसार उसकी शादी भी तय हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से गंगा में युवती की तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बावजूद देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।
इसके बाद एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और गंगा में तलाश अभियान चला रही है। घटना के बाद भटौली पुल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। वहीं बेटी को आंखों के सामने गंगा में छलांग लगाते देख पिता की हालत बेहद खराब हो गई। देर शाम तक वह पुल पर खड़े होकर गंगा की ओर निहारते रहे। थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान ने बताया कि युवती ने गंगा में छलांग लगा दी है। एसडीआरएफ खोजबीन कर रही है।