वाराणसी में चोलापुर थाना क्षेत्र के भोहर गांव के पास सोमवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने ईंट लदी ट्रैक्टर-टॉली को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर पर सवार अनिल वनवासी (22) की मौत हो गई। वहीं, पिता पारस बनवासी (44) घायल हो गए। पिता-पुत्र दोनों ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। टक्कर के बाद ट्रक लेकर चालक भाग निकला। पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जौनपुर केराकत थाना क्षेत्र के बेहड़ा निवासी पारस और अनिल चंदवक थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुर गांव में भट्ठे पर मजदूरी करते थे। रात आठ बजे पिता-पुत्र ट्रैक्टर-ट्राली चालक के साथ ईंट लादकर वाराणसी के लिए निकले। रात 10 बजे आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर भोहर गांव के पास पिंक हॉस्पिटल के पास सामने से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-टॉली में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर-टॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर घायल हो गए। अनिल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इसे भी पढ़ें; वाराणसी: बीएचयू में विरोध के बीच पिटाई और धक्कामुक्की का वीडियो वायरल, इस वजह से कर रहे थे प्रदर्शन
थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि पिता पारस बनवासी को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पारस की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। परिजनों ने बताया कि अनिल का विवाह एक साल पहले ही करिश्मा से हुआ था। एक महीने की मासूम बेटी भी है। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की मौत से उनके सामने गहरा संकट खड़ा हो गया है।