वाराणसी के लंका क्षेत्र स्थित एक एटीएम में मौजूद जालसाज ने खुद को सफाई कर्मी बता कर मदद करने के बहाने होरीराम के खाते से 32 हजार रुपये निकाल लिए। वहीं, सिगरा क्षेत्र के अनुभव का एटीएम कार्ड उन्हीं के पास था और जालसाज ने खाते से 16 हजार रुपये निकाल लिए। दोनों मामलों में बुधवार को लंका और सिगरा थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
चौबेपुर थाना के कमौली निवासी होरीराम बीते शनिवार को उपचार कराने बीएचयू अस्पताल आए थे। उपचार के बाद दवा लेने वह लंका गए। पैसे खत्म हुए तो वह एचडीएफसी बैंक के एटीएम में गए। एक युवक पहले से एटीएम रूम में मौजूद था। होरी ने उसे बाहर जाने के लिए कहा तो खुद को सफाई कर्मी बता कर वह बगल में ही खड़ा रहा।
होरी ने पैसा निकालने के लिए कार्ड मशीन में लगाया तो वह फंस गया। खुद को सफाई कर्मी बताने वाले युवक ने मदद की पेशकश की। इसी दौरान उसने होरी का एटीएम कार्ड बदल दिया। बाद में उनके मोबाइल पर मैसेज आया तो पता लगा कि खाते से 32 हजार रुपये निकल गए हैं। उधर, सिगरा थाना के मौलवी बाग निवासी अनुभव मेहरोत्रा के अनुसार, उनका एटीएम कार्ड उनकी जेब में ही था। इसके बावजूद न जाने कैसे जालसाज ने उनके खाते से दो बार में 16 हजार रुपये निकाल लिए।