फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

योगमय हुई सुबह-ए-बनारस

Wed, 22 Jun 2016 01:44 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
अस्सी घाट पर योग के लिए जुटे शहरवासी।
विज्ञापन
दुनिया की सबसे प्राचीन संस्कृति की वाहक काशी में मंगलवार को विश्व योग दिवस पर उत्सव सा नजारा दिखा। लगा मानो पूरी काशी आज योग पथ पर हमकदम बनने को तैयार है। बड़ों से लेकर बच्चों तक में योग की ऊर्जा का संचार हुआ। हर उम्र, जाति और संप्रदाय के लोगों ने इस महोत्सव में डुबकी लगाई। सूर्योदय के साथ ही योग और प्राणायाम के लिए लोग शिविरों में उमड़े। शहर का ऐसा कोई भी मैदान और पार्क नहीं था, जहां लोग योगासन की मुद्राओं में नहीं दिखे। सैनिकों, सिपाहियों, नेताओं, अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताआें, सभी ने योग शिविर में बढ़-चढ़कर भागीदारी की। दुनिया को संदेश दिया कि योग के जरिए कैसे जीवनशैली में बदलाव लाया जा सकता है।
विज्ञापन

महमूरगंज स्थित पाणिनी कन्या महाविद्यालय के योग शिविर में छात्राओं ने योगाभ्यास के साथ ही आत्मरक्षा का पाठ पढ़ा। तलवार चलाने, लाठी भांजने, ढाल से खुद की सुरक्षा करने, धनुष की प्रत्यंचा चढ़ाने आदि का प्रदर्शन किया। योग क्रिया के दौरान इन छात्राओं ने सूर्य नमस्कार, भूमि नमस्कार, ताड़ासन और पद्मासन आदि का प्रदर्शन किया।

पीएम मोदी की पहल पर आयोजित विश्व योग दिवस पर उनकी पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। पीएम के संसदीय क्षेत्र में हजारों की संख्या में भाजपाजन योग शिविरों में शामिल हुए। भाजपा की जिला और महानगर की टीम ने पूरे शहर को 12 सेक्टरों में बांटकर योग शिविर लगाया। इन शिविरों में शामिल लोगों को योगाचार्यों ने वज्रासन, सिद्धासन, पद्मासन, सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।
विज्ञापन


डीएस ग्रुप की ओर से महानिर्वाणी घाट पर विशिष्ट योग शिविर में ब्रह्मवर्चस अंतरराष्ट्रीय योग अकादमी के प्रशिक्षकों ने सुबह 5:30 बजे से पूरे दो घंटे तक लोगों को योग कराया। शिविर में बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी भी शामिल हुए। गंगा तट पर आयोजित इस शिविर में नियमित व्यायामों के साथ-साथ शरीर, मन, आत्मा को संयमित और एकीकृत रखने के लिए आत्मविकास की तकनीक बताई गई।
 
डीरेका के कार्मिक विभाग की ओर से बास्केटबाल कोर्ट पर आयोजित शिविर में डीरेका के मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अशोक कुमार सिंह एवं अन्य विभागाध्यक्षों की मौजूदगी में योग प्रशिक्षक नरेंद्र कुमार वर्मा ने योगाभ्यास कराया। अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ उनके परिवार के लोग शिविर में शामिल हुए। शिविर में मुख्य विद्युत इंजीनियर योगेश अस्थाना, भंडार नियंत्रक वीपी पाठक, मुख्य विपणन प्रबंधक आरआर झा, मुख्य गुणता आश्वासन प्रबंधक योगेश मोहन, मुख्य परियोजना प्रबंधक आरआर प्रसाद, पी. अनंत कुमार, मनीष गुप्ता और एमपी ठाकुर आदि विशेष रूप से शामिल रहे।

मानव उपचार एवं स्वास्थ्य समिति और रेड बेरी जिम के संयुक्त तत्वावधान में कबीर नगर में योग-ध्यान शिविर लगा। लोगों ने वज्रासन, सिद्ध आसन, पद्मासन, भुजंगासन, सूर्य नमस्कार के अलावा प्राणायाम किया। मुख्य अतिथि यतींद्र नाथ चतुर्वेदी ने कहा कि योग भारत की प्राण वायु है। शिविर में ब्रह्मानंद पांडेय, डॉ. राहुल कुमार, प्रज्ज्वलित कौशिक, आनंद पाठक, अरुण सिंह, जयंत वर्मा, अरुण कुमार शुक्ल, प्रदीप सिंह, वाणींद्र नाथ चतुर्वेदी आदि शामिल रहे। उधर, प्रभु घाट पर बैंक ऑफ इंडिया वाराणसी की ओर से लगाए गए शिविर में आंचलिक प्रबंधक देव कुमार बासु ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का अमूल्य उपहार है। दिमाग और शरीर को स्वस्थ रखता है। सिगरा स्थित शहीद उद्यान में पतंजलि महिला समिति की ओर से योगाभ्यास कराया गया। इसमें योग प्रशिक्षिका कुशला जायसवाल, हरिशंकर दुबे ने योग कराया। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें