मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी का आतिथ्य पूरी दुनिया में जाना जाता है। प्रवासी भारतीयों का भी ऐसा स्वागत हो कि वे नई स्मृति एवं अनुभव लेकर वापस जाएं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 29 दिसंबर के काशी आगमन और जनवरी में 21 से 23 तक होने वाले प्रवासी भारतीय दिवस की तैयारियों का जायजा भी लिया।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम पांच बजे के बाद आजमगढ़ से हेलीकाप्टर के जरिये पुलिस लाइन पहुंचे। यहां से वह बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल गए और व्यवस्थाएं देखीं। बड़ा लालपुर स्टेडियम और ऐढ़े में बन रहे टेंट सिटी का निरीक्षण किया। पीडब्ल्यूडी के अफसरों को नाला निर्माण कार्य 15 दिन में पूरा करने और सड़कों के चौड़ीकरण का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान चलाकर काम समय से पूरा कराएं। इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सम्मेलन के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ आकर्षक सजावट सुनिश्चित कराने को कहा।
विज्ञापन
सीएम ने कहा कि गंगा घाटों पर सफाई के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। यातायात व्यवस्था के अलावा कार्यक्रम स्थलों पर पार्किंग स्थल सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को तैयारियों के बारे में विस्तार से बताया।
स्वागत एवं निरीक्षण के दौरान प्रदेश के राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं पर्यटन अवनीश कुमार अवस्थी, अपर पुलिस महानिदेशक पीवी रामाशास्त्री, आईजी विजय सिंह मीना और एसएसपी आनंद कुलकर्णी सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गंगा प्रदूषण रोकने को सीएनजी से चलें नाव
टेंट का निरीक्षण करते सीएम
- फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगा में चलने वाली नावों से फैल रहे प्रदूषण पर रोक लगाने और सीएनजी व बैटरी से नावों के संचालन के निर्देश दिए। साथ ही 15 दिन में सड़कों से आवारा पशुओं को हटाकर उन्हें कान्हा उपवन में शिफ्ट करने को कहा।
सर्किट हाउस में विकास कार्यों, प्रवासी भारतीय सम्मेलन की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों से अभियान चलाने को कहा। प्रवासी सम्मेलन से पहले शहर में विदेशी भाषाओं के साइनेज, प्रमुख स्थानों पर लाइटिंग के भी निर्देश दिए।
जाम से निजात नहीं मिलने पर नाराजगी जताई और प्रवासी सम्मेलन से पहले सुधार के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्य मध्य फरवरी 2019 तक पूरे करने के निर्देश दिए। सौभाग्य योजना और ग्रामीण विद्युतीकरण की समीक्षा में उन्होंने कहा कि बिल सही जारी हो। उन्होंने कहा कि कैंसर इंस्टीट्यूट में 7,000 से अधिक मरीजों का इलाज हुआ।
काशी में रिंग रोड, फोरलेन रोड, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, अस्पताल, सेतुओं का निर्माण, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का विस्तारीकरण व सौंदर्यीकरण, गंगा घाटों का सुंदरीकरण के साथ हर वर्ग के लिए कार्य हुए हैं। कानून व्यवस्था की समीक्षा में उन्होंने कहा कि अपराधों में कमी आई है। प्रोएक्टिव अपराध घटित नहीं हो पाते। पीबीडी में यातायात व सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो।
सड़क, सीवर और फ्लाईओवर का काम कर रहे विभागों की लापरवाही पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और उन्हें सुरक्षा मानकों के साथ काम पूरा करने का निर्देश दिया। आवास विकास, सेतु निगम, लोक निर्माण और जल निगम के अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने फटकार भी लगाई।
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर पर मिथ्या प्रचार को रोकने के लिए अधिकारियों को जनता में जागरूकता और सही जानकारी के प्रचार प्रसार का निर्देश दिया। वाराणसी में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निरीक्षण के दौरान सड़कों की खराब हालत पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से नाराजगी जताई। शाही नाला और अस्पतालों के निर्माण को जल्दी पूरा करने को कहा।
उन्होंने कहा किसी भी कार्य के लिए यदि कहीं खुदाई की जाती है तो तत्काल उसे ठीक किया जाए। हर गांव में दुग्ध समितियां बनाई जाए। समस्त कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय सीमा में पूर्ण के निर्देश दिए। ताकि विलंब के कारण स्टीमेट बढ़ोतरी नहीं हो। पालिथीन प्रतिबंध को सख्ती से लागू कराने को कहा।
इसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री ने कॉरिडोर परिक्षेत्र का निरीक्षण किया और सामने आ रहे मंदिरों के संरक्षण के साथ पूजा अर्चना शुरू कराने को कहा। उन्होंने कहा, महात्मा गांधी ने भी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र को विकसित करने की बात की थी। काशी की संस्कृति को संजोये रखकर नवीन तकनीकी का उपयोग के साथ पुनरुद्धार व सुंदरीकरण हो रहा है।